Assam Flood:असम में बाढ़ से पांच लाख लोग हुए प्रभावित, महंगाई आसमान छू रही; गृह मंत्री ने सीएम से की बात – Assam Flood Vegetable Food Item Prices Skyrocket More Then Five Lakh People Affected


असम में बाढ़ से कई इलाके डूब गए।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
असम में आई विनाशकारी बाढ़ से सब्जियों और खाने-पीने की अन्य चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। दरअसल बाढ़ से राज्य की करीब 11 हजार हेक्टेयर जमीन पर खड़ी फसल बर्बाद हो गई है। इससे राज्य में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। बाढ़ के चलते सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है, इसकी वजह से भी राज्य में खाने-पीने के अन्य सामान की किल्लत हो गई है और जो चीजें मिल रही हैं, वो महंगे दामों पर मिल रही हैं।
करीब पांच लाख लोग प्रभावित
असम में आई बाढ़ से अभी तक 19 जिलों के करीब 4.89 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बीते 24 घंटे में बाढ़ से नलबाड़ी जिले में एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। असम राज्य आपदा प्रबंधन की रिपोर्ट के अनुसार, अकेले बाजाली जिले में बाढ़ से ढाई लाख लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा नलबाड़ी में 80061, बारपेटा में 73233, लखीमपुर में 22577, दारंग में 14583, तामुलपुर में 14180, बाक्सा में 7282, गोआलपाड़ा में 4750 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ ने 1538 गांवों को अपनी चपेट में लिया है।
ब्रह्मपुत्र नदी खतरे के निशान से ऊपर
ब्रह्मपुत्र नदी धुबरी और जोरहाट जिले में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बाढ़ प्रभावितों के लिए 14 बाढ़ प्रभावित जिलों में 140 राहत कैंप और 75 राहत डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन राहत कैंपों में 35142 लोग ठहरे हुए हैं। बड़ी संख्या में प्रभावित लोग सड़क के किनारे और अन्य जगहों पर रह रहे हैं।