Bjp Foundation Day 2023:भाजपा स्थापना समारोह मनाने में सेवा को प्राथमिकता, ये रहेगी कार्यक्रमों की रूपरेखा – Bjp Foundation Day 2023: Pm Modi To Address Party Mps Tomorrow


BJP foundation day 2023
– फोटो : ANI (File Photo)
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी छह अप्रैल को अपना स्थापना दिवस मनाएगी। स्थापना दिवस पर एक सप्ताह के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे जिनमें सेवा को प्रमुखता दी जाएगी। पार्टी इस दौरान केंद्र सरकार के द्वारा जारी की गई कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगी। लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए पार्टी अभी तक डिजिटल फॉर्मेट पर ज्यादा जोर देती थी, लेकिन इस बार वह पुराने तरीकों को भी खूब इस्तेमाल करेगी। इसमें वॉल राइटिंग करना और पोस्टर अभियान प्रमुख होंगे।
पार्टी की स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए पार्टी की बात लोगों तक पहुंचाएंगे। सभी प्रदेशों में मुख्यमंत्री, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और सांसद-विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर पार्टी की नीतियों के बारे में लोगों को जानकारी देंगे। दिल्ली में सभी जिला, मंडल और बूथ समितियों के स्तर पर लगभग 14,000 स्थानों पर छोटे-बड़े स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। कार्यकर्ता सामूहिक रुप से प्रधानमंत्री मोदी का स्थापना दिवस संदेश सुनेंगे।
हर दिन नया कार्यक्रम
सामाजिक न्याय सप्ताह के अंतर्गत 7 अप्रैल को भाजपा का युवा मोर्चा चिकित्सा शिविर एवं रोजगार परामर्श शिविर का आयोजन करेगा। 8 अप्रैल को अनुसूचित जाति मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा संयुक्त रूप से आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत युवाओं को आत्मनिर्भरता के लिए कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। 9 अप्रैल को किसान मोर्चा प्राकृतिक खेती, यमुना सफाई एवं श्रीअन्न (मिलट्स) योजना को लेकर जन जागरण अभियान चलायेगा। 10 अप्रैल को दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में महिलाओं के साथ सहभोज कार्यक्रम का आयोजन करेगा।