Assam Flood:असम में 67000 से अधिक लोग प्रभावित, चीजों की कीमतें छू रहीं आसमान; हजारों लोग नहीं मना पाएंगे ईद – Floods Affect Preparations For Eid Celebration In Barpeta Assam


असम में बाढ़
– फोटो : पीटीआई
विस्तार
एक तरफ देश में ईद-उल-अजहा मनाने को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं, तो वहीं असम के बारपेटा जिले में बाढ़ ने लोगों की खुशियों पर पानी फेर दिया है। बारपेटा जिले के 93 गांवों के 67,000 से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। वहीं 15 गांवों के ग्रामीणों ने कहा कि बाढ़ के कारण वे इस साल ईद-उल-अजहा नहीं मना पाएंगे।
बारपेटा जिले के भेला क्षेत्र के एक गांव शिल्ला के रहने वाले रफीकुल इस्लाम ने कहा कि बाढ़ से 15-20 गांव प्रभावित हैं। लोगों को बहुत सारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ के पानी में हमारा ईदगाह मैदान डूब गया है और हम इसे लेकर बहुत चिंतित हैं। बाढ़ के कारण वे ईद नहीं मना पाएंगे।
एक अन्य बाढ़ प्रभावित ग्रामीण रकीबुल इस्लाम ने कहा कि हमें ईद मनाने के लिए दूसरी जगह जाना होगा। हमारी ईदगाह में बहुत पानी है।
गुलाब अली ने कहा कि बाढ़ के कारण सब्जी समेत अन्य वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। कई लोग अभी भी राहत शिविरों में रह रहे हैं क्योंकि बाढ़ का पानी अभी भी हमारे घरों में भरा पड़ा है। इस बार ईद घर पर मनाना काफी मुश्किल है।